सभी को जीवन में सफलता अच्छी लगती है। हर किसी का मन करता है कि वो तरक्की करे। लेकिन कुछ ही लोग ऐसे होते हैं जिनको जीवन में सफल होने के लिए बहुत कम संघर्ष करना पड़ता है। अगर सफल व्यक्तियों की कुंडली का अध्ययन करें तो कहीं न कहीं उनकी सफलता में मेहनत के साथ-साथ ग्रहों की प्रबल स्थिति भी जिम्मेदार होती है। जीवन में सफलता प्राप्त करने वाले व्यक्तियों की कुंडली में कोई न कोई अच्छा योग ज़रूर बनता है। इनमें से एक योग है गजकेसरी योग। कुण्डली में गजकेसरी योग होने पर गज यानि हाथी के समान शक्ति और वैभव प्राप्त होता है। गज,, गणपति के प्रतीक हैं और गणपति को बुद्धि का देवता माना जाता है। इसलिए गजकेसरी योग रखने वाला व्यक्ति अपनी बौद्धिक शक्ति के आधार पर धन-वैभव और सम्मान पाता है।
गजकेसरी योग गज और सिंह के संयोग से बनता है। गज यानि हाथी में अपार शक्ति और सिंह यानि शेर में फुर्ती और लक्ष्य को प्राप्त करने का साहस होता है। ये एक बहुत ही शुभ योग है और इसे प्रमुख धन योगों में से एक माना जाता है। गजकेसरी योग वाला व्यक्ति राजसी सुखों को भोगने वाला, उच्च पदाधिकारी, वाद-विवाद में निपुण होता है। गजकेसरी योग जिस व्यक्ति की कुंडली में होता है, वो जीवन के किसी न किसी क्षेत्र में विशेष सफलता प्राप्त करता है। उसके सामने बड़े से बड़ा शत्रु भी अपनी हार स्वीकार कर लेता है।